Up: कुट्टू का आटा खाने से बिजनौर में 250 लोगों की तबियत बिगड़ी, जांच के आदेश

नवरात्रि के पहले दिन कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने से बिजनौर में 250 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। उन्हें पेट दर्द, उल्टी, दस्त और कंपकंपी जैसी समस्याएं हो रही हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अक्टूबर 04, 2024 - 10:14
0 8
Up: कुट्टू का आटा खाने से बिजनौर में 250 लोगों की तबियत बिगड़ी, जांच के आदेश

उत्तर प्रदेश | बिजनौर जिले के थाना चांदपुर में नवरात्रि के पहले दिन कुट्टू का आटा खाने से 250 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए हैं। बीमार लोगों में पेट दर्द, उल्टी, दस्त, बेचैनी और कंपकंपी जैसी समस्याएं देखी जा रही हैं। उन्हें सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस घटना से जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है, और डीएम, एसपी, तथा सीएमओ ने अस्पताल जाकर बेहतर इलाज के निर्देश दिए। चांदपुर के स्याऊ में तीन सौ घरों में लोगों ने कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी और पूरी का सेवन किया, जिसके बाद अधिकांश लोग बीमार हो गए, जिसमें बच्चे, बूढ़े, जवान और महिलाएं शामिल हैं।

बिजनौर: 20 मरीजों को जिला अस्पताल किया गया रेफर

कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने के बाद बीमार लोगों को तत्काल सरकारी और प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से बीस गंभीर मरीजों को बिजनौर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सभी बीमार लोग स्याऊ चांदपुर के निवासी हैं। आशंका है कि वे सभी एक ही दुकान से आटा खरीदकर पकवान बना रहे थे, जिससे सामूहिक रूप से बीमार हुए।

डीएम ने कुट्टू आटे की जांच के लिए दिए निर्देश

बीमारों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने आसपास के सभी सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों को चांदपुर के अस्पताल में बुला लिया है। बिजनौर के डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने एसडीएम चांदपुर और फूड सेफ्टी विभाग को निर्देश दिया है कि स्याऊ की सभी किराना दुकानों से कुट्टू आटा जब्त कर सैंपल लिए जाएं। इसके साथ ही, डीएम ने बीमार लोगों के परिजनों को शीघ्र जांच कराने और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

आपकी क्या प्रतिक्रिया है?

पसंद पसंद 0
नापसन्द नापसन्द 0
प्यार प्यार 0
मज़ेदार मज़ेदार 0
बहुत खूब बहुत खूब 0
उदास उदास 0
गुस्सा गुस्सा 0

टिप्पणियाँ (0)

User