SECL खदान में 24 घंटे में दूसरी बड़ी घटनाएं: बारूद से भरा वाहन हादसे का शिकार, एक की मौत, कई घायल; पहले भी हुआ था गंभीर हादसा
Chhattisgarh के कोरबा जिले की SECL गेवरा खदान में 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी घटना हुई, जब बारूद से भरा वाहन हादसे का शिकार हो गया। एक की मौत और कई घायल हुए, जिससे खदान सुरक्षा मानकों पर सवाल उठ रहे हैं।
Chhattisgarh: कोरबा जिले के एसईसीएल गेवरा खदान में 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। कोयला उत्खनन के दौरान ब्लास्टिंग के बाद वापस लौट रही एक बारूद से भरी एक्सप्लोसिव वाहन हादसे का शिकार हो गई। वाहन में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही वाहन के नीचे दबने से मौत हो गई। इस हादसे में कई अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया है।
इस घटना के बाद खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। एसईसीएल प्रबंधन ने तुरंत दीपका थाना पुलिस को सूचना दी और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए रवाना किया गया।
यह गेवरा खदान में 24 घंटे में दूसरा और तीन दिनों में तीसरा हादसा है। आज सुबह ही खदान में एक डंपर 80 फीट नीचे गिर गया था, जिसमें चालक को दरवाजा तोड़कर बचाया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा, एक दिन पहले ड्रिलिंग के दौरान एक ड्रिल मशीन में आग लग गई थी, जिससे करोड़ों रुपये की मशीन जलकर नष्ट हो गई थी। इन लगातार हो रही घटनाओं ने खदान क्षेत्र में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?