36 घंटे की बारिश से जशपुर में बाढ़ के हालात: नदी का जलस्तर बढ़ने से तीन ग्रामीण टापू में फंसे, पुलिया बहने से कई गांवों का जिला-ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क टूटा
जशपुर में 36 घंटे की लगातार बारिश से बाढ़ के हालात बन गए हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने से तीन ग्रामीण टापू में फंस गए, जबकि पुलिया बह जाने से कई गांवों का जिला और ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।
मिथलेश गुप्ता, जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बगीचा से कलिया की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिया बह जाने से कई गांवों का जिला और ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। वहीं, मवेशी चराने गए दो पुरुष और एक महिला समेत तीन लोग पिछले 24 घंटों से टापू में फंसे हुए हैं, जिससे उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
लगातार बारिश के कारण बगीचा स्थित प्रसिद्ध राजपुरी जलप्रपात भी उफान पर है। फरसाबहार क्षेत्र के बाबुसाजबहार गांव में इब नदी का जलस्तर बढ़ने से तीनों ग्रामीण भूखे-प्यासे नदी पार फंसे हुए हैं। उन्होंने पूरी रात खुले आसमान के नीचे टापू पर बिताई है, जबकि राहत पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।
रेस्क्यू के लिए पहुंची टीम: पुलिया बहने से कई गांवों का संपर्क टूटा
जानकारी के अनुसार, कल सुबह 9 बजे मवेशी चराने गए महिला समेत तीन लोग इब नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से टापू पर फंस गए। लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर आ गई, जिससे उनका वापस लौटना संभव नहीं हो पाया। तीनों लोग पिछले 24 घंटे से भूखे-प्यासे टापू पर फंसे हुए हैं। स्थिति को देखते हुए रेस्क्यू टीम आज मौके पर पहुंच गई है, और बचाव कार्य जारी है। ग्रामीणों की सुरक्षित निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?