छत्तीसगढ़ में आज कई बड़े कार्यक्रम: सीएम साय रायपुर-सूरजपुर दौरे पर, राकेश टिकैत करेंगे किसान सभा, सड्डू पहुंचेगी न्याय यात्रा
छत्तीसगढ़ में आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम हो रहे हैं। मुख्यमंत्री साय रायपुर-सूरजपुर दौरे पर हैं, कांग्रेस की न्याय यात्रा सड्डू पहुंच रही है, और राकेश टिकैत 2 अक्टूबर को रायपुर पहुंचकर किसानों के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और सूरजपुर के दौरे पर रहेंगे। वह सुबह 11 बजे रायपुर के सिविल लाइन पहुंचकर जनजातीय समाज के गौरवशाली अतीत पर आयोजित कार्यशाला में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे सूरजपुर के लिए रवाना होंगे और वहां 1:15 बजे सियान सम्मान कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया जाएगा। मुख्यमंत्री साय शाम 4:30 बजे तक राजधानी रायपुर लौटने का कार्यक्रम है।
कांग्रेस न्याय यात्रा का पांचवां दिन
कांग्रेस की छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा का आज पांचवां दिन है, जो सारागांव से सड्डू पहुंचेगी। अब तक यह यात्रा 100 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुकी है। 27 सितंबर को गिरौदपुरी से शुरू हुई यह यात्रा 2 अक्टूबर को रायपुर में समाप्त होगी। समापन के साथ एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रमुख कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे।
किसान नेता राकेश टिकैत का छत्तीसगढ़ दौरा, किसानों के मुद्दों पर करेंगे चर्चा
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत 2 अक्टूबर की शाम रायपुर पहुंचेंगे और 3 अक्टूबर को बीजापुर में आयोजित किसान महापंचायत में शामिल होंगे। इस महापंचायत में टिकैत किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। यह आयोजन किसानों के अधिकारों और समस्याओं पर केंद्रित रहेगा।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?