अमित शाह ने सीएम साय को नक्सल विरोधी अभियान की सफलता पर दी बधाई, कहा- विकास की नई ऊँचाइयाँ छू रहा है छत्तीसगढ़
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय को नक्सल विरोधी अभियान की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और नक्सलियों के वित्तीय पोषण को रोकने के प्रयासों की सराहना की।
रायपुर । नई दिल्ली के विज्ञान भवन में नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की टीम के साहसिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा नक्सल उन्मूलन के लिए उठाए गए प्रभावी कदमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नक्सल मोर्चे पर छत्तीसगढ़ सरकार बेहतर कार्य कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप अभियानों में अभूतपूर्व सफलता मिल रही है। अमित शाह ने बताया कि “डबल इंजन की सरकार” के सहयोग से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, जिससे लोग मुख्यधारा में लौट रहे हैं। उन्होंने आक्रामक नीति अपनाने पर भी जोर दिया, जो नक्सल समस्या के समाधान में सहायक साबित हो रही है।
बैठक के दौरान, गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में हुई नक्सली मुठभेड़ का उल्लेख किया, जिसमें छत्तीसगढ़ पुलिस ने 31 नक्सलियों को ढेर किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी, और बस्तर बटालियन के जवानों ने बेहतरीन तालमेल और खुफिया जानकारी के साथ इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। यह नक्सल उन्मूलन अभियान राज्य सरकार की रणनीति, खुफिया तंत्र और केंद्रीय बलों के सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ उल्लेखनीय प्रगति की है; पिछले नौ महीनों में 194 माओवादी मारे गए, 800 से अधिक नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया और 738 ने आत्मसमर्पण किया। यह मुख्यमंत्री साय और उनकी टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि है।
डबल इंजन सरकार का असर: नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की रफ्तार
अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ सहित सभी नक्सल प्रभावित राज्यों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि इन क्षेत्रों में शांति और विकास को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार के नक्सल प्रभावित गांवों में विकास के नए अभियान की सराहना की, जिससे गांवों में महत्वपूर्ण बदलाव आया है। इसके साथ ही, शाह ने नक्सलियों के वित्तीय पोषण को रोकने के प्रयासों की भी चर्चा की, जो क्षेत्र में स्थायी शांति लाने में सहायक सिद्ध होंगे।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?