MP Morning News: दमोह में मोहन कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक, माता रानी की भक्ति से सजा प्रदेश, कांग्रेस का मशाल जुलूस
मध्य प्रदेश में आज सीएम डॉ. मोहन यादव दमोह में ओपन-एयर कैबिनेट बैठक करेंगे। नवरात्रि के तीसरे दिन माता चंद्रघंटा की पूजा के बीच कांग्रेस "बेटी बचाओ" अभियान के तहत प्रदेशभर में मशाल जुलूस निकालेगी।
भोपाल, मध्य प्रदेश | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दमोह जिले के सिंग्रामपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती की 300वीं जयंती के अवसर पर कैबिनेट बैठक आयोजित करेंगे। यह पहली ओपन-एयर कैबिनेट बैठक है, जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी मिलने की संभावना है। बैठक में मंत्रिमंडल के सभी सदस्य उपस्थित रहेंगे, और सीएम लाड़ली बहनों से संवाद कर योजना की 17वीं किस्त भी जारी करेंगे। इसके अलावा, कैबिनेट नर्मदा सुनार कोपरा नदी लिंक परियोजना और सिंगौरगढ़ किले जैसे ऐतिहासिक स्थलों का दौरा भी करेगी, जो पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक होंगे।
सिंग्रामपुर में आयोजित प्रमुख कार्यक्रम:
1. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक।
2. प्रदेश की लाडली बहना योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के खातों में धनराशि का अंतरण।
3. सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों के खातों में राशि का अंतरण।
4. प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थी बहनों के खातों में अनुदान राशि का अंतरण।
5. विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और भूमिपूजन।
6. ग्राम हरदुआ जामशा, विकासखंड बटियागढ़ के उत्कृष्ट विद्यार्थियों का सम्मान समारोह।
7. सिंगौरगढ़ किला, निदानकुंड जल प्रपात, और प्राचीन दुर्गा माता मंदिर का दौरा।
मध्यप्रदेश: माता रानी की भक्ति में डूबा हुआ प्रदेश
शारदीय नवरात्रि का तीसरा दिन आज है, जिसमें मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप, मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। यह स्वरूप शांतिदायक और कल्याणकारी माना जाता है। प्रदेश भर के देवी-मंदिरों में सुबह से भक्तों की भारी भीड़ जुटी है, विशेषकर शक्तिपीठ माता टेकरियों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा है। देवी पंडालों की सजावट के साथ-साथ घरों में भी शक्ति की आराधना की जा रही है, जिससे भक्ति का माहौल बन गया है।
कांग्रेस का प्रदेशव्यापी मशाल जुलूस:
मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान 3 साल की बच्चियों से लेकर 70 साल की महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ कांग्रेस ने "बेटी बचाओ" अभियान के तहत आज पूरे प्रदेश में मशाल जुलूस निकालने का निर्णय लिया है। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता हर जिले में शाम को मशाल जुलूस आयोजित करेंगे। इस अभियान का नेतृत्व यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह यादव इंदौर में करेंगे, जो महिलाओं के प्रति हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएंगे।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?