CG News: प्रशिक्षित डीएड-बीएड संघ का नवा रायपुर में आंदोलन तेज, 33 हजार भर्ती और अन्य मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन
प्रशिक्षित डीएड-बीएड संघ ने नवा रायपुर में 33 हजार शिक्षकों की भर्ती समेत 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। संघ ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है और जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है। शिक्षकों की नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रशिक्षित डीएड और बीएड संघ का आंदोलन शिक्षक भर्ती और युक्तियुक्तकरण को निरस्त करने समेत 10 सूत्रीय मांगों को लेकर जारी है। नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर प्रदेश भर से हजारों शिक्षित बेरोजगार युवा एकत्रित होकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं। संघ ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जल्द से जल्द मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित कार्रवाई की अपील की है।
संघ की प्रमुख मांगों में 33,000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया का शीघ्र प्रारंभ होना शामिल है। उनका कहना है कि प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में हजारों पद रिक्त हैं, और लाखों प्रशिक्षित डीएड और बीएड अभ्यर्थी लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे हैं।
संघ ने पत्र में उल्लेख किया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री की पार्टी के घोषणा-पत्र में 57,000 शिक्षकों की भर्ती का वादा किया गया था, जिससे प्रभावित होकर बेरोज़गार युवाओं ने पार्टी को समर्थन दिया था। पूर्व शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल द्वारा भी विधानसभा सत्र में 33,000 शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। संघ ने इन मांगों पर शीघ्र निर्णय की मांग की है।
छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती समेत 10 सूत्रीय मांगों पर संघ का जोर:
1. प्रदेश के स्कूलों में 33,000 रिक्त शिक्षकों की शीघ्र भर्ती की जाए, जिसमें सभी संकायों और विषयों के पद शामिल हों।
2. शिक्षक/वर्ग-02 की भर्ती विषयवार तरीके से की जाए, ताकि सभी विषयों के लिए समान अवसर मिल सके।
3. युक्तियुक्तकरण के नाम पर बंद किए गए हजारों स्कूलों को स्थगित करने के बजाय इस फैसले को पूरी तरह निरस्त किया जाए।
4. स्कूल शिक्षा विभाग के 2008 के सेटअप को यथावत रखकर नई भर्तियों की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए।
5. लाइब्रेरियन के 1,844 पदों की भर्ती जल्द शुरू की जाए और कला संकाय के व्याख्याता पदों को, जो पिछले 14 वर्षों से नहीं आए हैं, आगामी शिक्षक भर्ती में शामिल किया जाए।
6. व्यायाम शिक्षक के 1,440 रिक्त पदों और कृषि शिक्षक के पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।
7. आगामी शिक्षक भर्ती में आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 5% की छूट दी जाए, जिससे उन्हें अधिक अवसर मिल सके।
8. छत्तीसगढ़ी में पीजी डिप्लोमा धारियों के लिए स्कूलों में पद सृजित कर उनकी भर्ती भी सुनिश्चित की जाए।
9. समय पर भर्ती न आने के कारण ओवरएज हो रहे डीएड और बीएड अभ्यर्थियों को शिक्षक बनने के लिए अतिरिक्त आयु छूट प्रदान की जाए।
10. छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल द्वारा साल में दो बार शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की जाए, जिससे अभ्यर्थियों को अधिक मौके मिल सकें।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?