CG Morning News: सीएम साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल... ‘‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024’’ का होग उद्घाटन... पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को मिलेगी आज पहली किस्त...और एक श्रमिक सम्मेलन का भी होगा आयोजन ....
CG MORNING NEWS: रायपुर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में कई प्रमुख कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सुबह 8 बजे वे ‘‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024’’ के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद, 10 बजे मुख्यमंत्री निवास में विश्वकर्मा जयंती का उत्सव मनाएंगे। 10:30 बजे, वे इंडोर स्टेडियम में ‘‘मोर आवास, मोर अधिकार’’ कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर 2 बजे, मुख्यमंत्री इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक सम्मेलन में भी शिरकत करेंगे।
‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024’’ का आज से आगाज़..
17 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलने वाले ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ का आज आगाज़ होगा। यह अभियान नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 8 बजे तेलीबांधा तालाब से इस अभियान की शुरुआत करेंगे। पखवाड़े के दौरान विभिन्न नगरीय निकायों में स्वच्छता और सफाई से संबंधित विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘‘मोर आवास, मोर अधिकार’’ कार्यक्रम आज....
आज सुबह 10:30 बजे रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘‘मोर आवास, मोर अधिकार’’ कार्यक्रम होगा। प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअल माध्यम से पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को पहली किस्त की राशि जारी करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इसमें शामिल होंगे।
विश्वकर्मा जयंती पर श्रमिक सम्मेलन आज....
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आज इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में ‘‘श्रमिक सम्मेलन’’ होगा। इसमें श्रमिक परिवारों को विभिन्न योजनाओं के तहत 49 करोड़ 43 लाख रुपये डी.बी.टी. के माध्यम से वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन भी मौजूद रहेंगे।
उद्योग और श्रम मंत्री देवांगन आज विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे....
वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन आज रायपुर में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे 10:30 बजे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में ‘‘मोर आवास-मोर अधिकार’’ कार्यक्रम में शामिल होंगे, और 12:45 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में श्रमिक सम्मेलन में राशि अंतरण कार्यक्रम में भाग लेंगे।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?