CG CRIME : ग्रामीण इलाकों में ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के 14 सदस्यों की गिरफ्तारी, बड़ी मात्रा में जेवर बरामद
बलौदाबाजार में शातिर ठगों के अंतरराज्यीय गिरोह के 14 सदस्यों, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं, को गिरफ्तार किया गया। ये ठग ग्रामीण महिलाओं को बर्तन बदलने और इनाम का लालच देकर ठगी करते थे। पुलिस ने सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं।
बलौदाबाजार। शातिर ठगों ने ग्रामीण महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने के लिए नया तरीका अपनाया है। ये ठग महिलाओं को बर्तन बदलने और सोने-चांदी के जेवर को कंपनी में दिखाकर इनाम दिलाने का लालच देकर फंसाते थे। पुलिस ने इस अंतरराज्यीय गिरोह के 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनसे बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर बरामद हुए हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस अन्य संदिग्धों का पता लगाने की कोशिश कर रही है, ताकि इस ठगी के पीछे के अन्य गिरोह के सदस्यों को भी पकड़ सकें।
पकड़े गए इस अंतरराज्यीय गिरोह में ज्यादातर महिलाएं शामिल थीं, जो ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर ठगी करती थीं। ये ठग महिलाएं पीड़ितों को अपने वार्तालाप में उलझाकर सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो जाती थीं। ठगी का एहसास तब हुआ जब ये महिलाएं तीन-चार दिन बाद भी नहीं आईं। इसके बाद पीड़ितों ने अपने पति और परिवार को घटना बताई। शिकायत के बाद लवन पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने विशेष टीम गठित की, जिसमें साइबर सेल और सीसीटीएनएस शामिल थे। तकनीकी सहायता से टीम ने खरसिया से आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मामले का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस अंतरराज्यीय गिरोह के 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 8 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल हैं। आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवरों के साथ 22 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। ये ठग ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को निशाना बनाते थे और लवन थाना क्षेत्र के कई गांवों में उनकी ठगी की है, जिसके खिलाफ छह एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने खरसिया से इन आरोपियों को पकड़ा, और पीड़ित महिलाओं ने उनकी पहचान भी की है। पूछताछ जारी है, जिससे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?