बड़ी खबर : छत्तीसगढ़ में 10,000 करोड़ की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को मिली मंजूरी: केंद्रीय परिवहन मंत्री का ऐलान
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने छत्तीसगढ़ को 10,000 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की मंजूरी दी। इनसे बुनियादी ढांचे में सुधार होगा। गडकरी ने प्रगति के लिए राज्य सरकार की सराहना की, जबकि मुख्यमंत्री ने समय पर कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया।
रायपुर: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने छत्तीसगढ़ को 10,000 करोड़ रुपए की एक महत्वपूर्ण सौगात दी है। इस धनराशि से राज्य में चार नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य के सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूती प्रदान करना और परिवहन की सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
नई दिल्ली में आयोजित एक बैठक के दौरान, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ इन परियोजनाओं पर चर्चा की। इस बैठक में छत्तीसगढ़ में चल रही राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर गहन विचार-विमर्श हुआ। चार नई परियोजनाओं के लिए DPR को केंद्र से मंजूरी मिल चुकी है, जिससे इनका निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि छत्तीसगढ़ सरकार सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देकर समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास करेगी।
गडकरी का सराहनीय कदम: छग सरकार और अधिकारियों को दी बधाई
नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति पर समीक्षा बैठक की। गडकरी ने रायपुर से विशाखापट्टनम के बीच पहले फेज का कार्य रिकॉर्ड 4 महीने में पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार और अधिकारियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बैठक में कहा कि उनकी सरकार सभी परियोजनाओं को समय पर और बिना किसी रुकावट के पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि हर सप्ताह कार्य की प्रगति की समीक्षा की जा रही है और सभी अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?