छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव ने संभाली कमान, स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर का किया दौरा
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव ने 5 अक्टूबर को स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया और कंपनी की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने कंपनी की कार्यक्षमता बढ़ाने और विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव ने 5 अक्टूबर को कार्यभार संभालने के दूसरे दिन स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी के महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की और संचालन की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। डॉ. यादव ने उत्पादन, पारेषण और वितरण से जुड़ी तीनों कंपनियों की पृथक-पृथक परिचयात्मक बैठकें भी लीं, जिसमें अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। उनका उद्देश्य कंपनी की कार्यक्षमता बढ़ाने और राज्य में विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए रणनीतिक योजनाओं पर जोर देना है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के नवनियुक्त अध्यक्ष और 2002 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. रोहित यादव ने शुक्रवार को विद्युत सेवा भवन में अपना कार्यभार ग्रहण किया। केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद, उन्हें ऊर्जा विभाग के सचिव के साथ-साथ पावर कंपनीज के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदभार संभालते हुए डॉ. यादव ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है, और इसके लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे।
कार्यभार ग्रहण करने के अगले ही दिन, उन्होंने 5 अक्टूबर को स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर का दौरा किया और कंपनी की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के प्रबंध निदेशक एसके कटियार, राजेश कुमार शुक्ला, भीमसिंह कंवर, अभियंता संघ के सचिव मनोज वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?