छत्तीसगढ़ की दूसरी 'वंदे भारत' ट्रेन का शुभारंभ: पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रायपुर से विशाखापट्टनम के लिए रवाना किया...
छत्तीसगढ़ की दूसरी 'वंदे भारत' ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह ट्रेन रायपुर से विशाखापट्टनम के लिए रवाना हुई।
रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ को दूसरी 'वंदे भारत' ट्रेन का तोहफा दिया। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दुर्ग-विशाखापट्टनम वंदे भारत एक्सप्रेस को रायपुर जंक्शन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव भी वर्चुअली जुड़े। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और अन्य विधायक भी उपस्थित रहे।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस आज शाम 4:15 बजे रायपुर जंक्शन से रवाना हुई। यह ट्रेन लगभग रात 12:20 बजे विशाखापट्टनम पहुंचेगी और इस रूट पर सभी स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन का स्वागत संबंधित क्षेत्र के विधायक और जनप्रतिनिधि करेंगे। रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन 160 किमी प्रति घंटे की गति से चलने में सक्षम है। कार्यक्रम में सामाजिक संगठन, NSS, किन्नर समाज, वृद्ध आश्रम और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि इस रूट पर पहली वंदे भारत एक्सप्रेस 11 दिसंबर 2022 को बिलासपुर से नागपुर के लिए शुरू की गई थी।
डीसीएम अवधेश त्रिवेदी ने बताया कि पहले रायपुर से विशाखापट्टनम की दूरी यात्री 11 घंटे में तय करते थे, लेकिन अब वंदे भारत एक्सप्रेस से यह यात्रा सिर्फ 8 घंटे में पूरी की जा सकेगी। छत्तीसगढ़ से इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या भी काफी अधिक है, इसलिए इस नई सेवा से लोग बहुत खुश हैं।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?