कन्या छात्रावास में भोजन के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी, 20 से अधिक फूड पॉइजनिंग के शिकार, अस्पताल में भर्ती
छत्तीसगढ़ के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के नगोई कन्या आश्रम में खराब मध्याहन भोजन से लगभग 20 छात्राएं फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गईं। उन्हें तुरंत काठगोधा के उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
कटघोरा। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में कन्या छात्रावासों में खराब मध्याहन भोजन से बच्चों की तबीयत बिगड़ने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ताजा घटना पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम कटोरी में नगोई कन्या आश्रम की है, जहां कक्षा पहली से पांचवी तक की लगभग 20 छात्राएं फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गईं। बच्चों ने भोजन के बाद उल्टी और दस्त की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें काठगोधा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है, और प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार, भोजन के बाद सभी बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, और उनमें उल्टी व दस्त की समस्या शुरू हो गई। स्थिति गंभीर होते देख, सभी बच्चों को तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से काठगोधा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा की एसडीओपी मौके पर पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?